पिथौरागढ़ के भटेड़ी स्कूल में बच्चों से सवाल पूछते सीडीओ
- फोटो : अमर उजाला
विकासखंड मूनाकोट के राजकीय प्राथमिक स्कूल भटेड़ी के निरीक्षण को गए मुख्य विकास अधिकारी आशीष कुमार चौहान बच्चों के शैक्षिक स्तर को देखकर हैरान हो गए। सीडीओ ने कक्षा तीन के बच्चे से दादाजी लिखने को कहा तो वह नहीं लिख पाया। बच्चों को विषय और सामान्य ज्ञान की कोई जानकारी नहीं मिली। बच्चों की साफ सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया गया था। कुछ बच्चों के हाथों पर टैटू गुदा था। शौचालय की स्थिति इतनी खराब थी कि सीडीओ काफी नाराज हो गए। कुल 17 बच्चों वाले इस स्कूल में किसी भी बच्चे को अंग्रेजी की जानकारी नहीं थी।
स्कूल में लगे श्यामपट पर कई दिनों से कोई काम ही नहीं हुआ था। सीडीओ चौहान ने स्कूल के प्रधानाध्यापक गिरीश चंद्र जोशी को सख्त हिदायत दी कि स्कूल की दशा सुधारने के लिए व्यक्तिगत तौर पर ध्यान दें। यदि अगले निरीक्षण तक व्यवस्था नहीं सुधरी तो सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि हर महीने शिक्षक-अभिभावक संघ की बैठक बुलाएं। अभिभावकों से कहा जाए कि वह बच्चों को साफ-सुथरा बनाकर स्कूल भेजें। प्रधानाध्यापक से कहा गया कि मानक के अनुसार मध्यान्ह भोजन तैयार करें।
बच्चों के शैक्षिक स्तर को सुधारने के लिए पूरा ध्यान देने को कहा गया, ताकि बच्चे हर विषय की जानकारी रख सकें। सीडीओ के अचानक स्कूल में पहुंचने से शिक्षकों में हड़कंप मच गया। सीडीओ ने हर कक्षा में जाकर बच्चों से बात की। उनका मानसिक स्तर आंकने का प्रयास किया। अब प्रशासन ने सरकारी स्कूलों की दशा सुधारने के लिए चेकिंग अभियान चलाने का फैसला लिया है।