जीजीआईसी गंगोलीहाट का जर्जर विद्यालय भवन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। राज्य गठन से पहले बना जीजीआईसी गंगोलीहाट का भवन जर्जर हालत में है। स्कूल में कुल 202 छात्राएं हैं लेकिन उनके बैठने के लिए उचित व्यवस्था नहीं है। अभिभावक विभाग से नया भवन बनाने की मांग कई बार कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। विद्यालय में शिक्षकों की भी कमी है।
जर्जर हालत में पहुंचे मुख्य भवन के चार कमरों को विद्यालय प्रशासन ने दो साल पहले ही बंद कर दिया है। सात कक्षाओं के अलग-अलग सेक्सन की पढ़ाई के लिए कॉलेज को 14 कमरों, स्टाफ रूम और प्रधानाचार्य कक्ष की आवश्यकता है। कॉलेज प्रशासन अभी जर्जर छह कमरों में काम चला रहा है। मुख्य भवन के साथ बने दूसरे भवन के पीछे की दीवार टूट गई है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 में नए भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था जो अब तक लंबित पड़ा है।
इसके अलावा विज्ञान वर्ग के छात्रों के लिए विद्यालय में लैब की कोई व्यवस्था नहीं है। प्रधानाचार्य, प्रवक्ताओं और एलटी के अध्यापकों की कई वर्षों से कमी बनी है। अभिभावकों ने कुछ विषयों पर पीटीए की व्यवस्था की है। चहारदीवारी नहीं होने और देवदार का जंगल पास होने की वजह से स्कूल में आए दिन बंदर घुसे रहते हैं। लोगों ने विद्यालय में लैब, भवन निर्माण के साथ ही शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति करने की मांग की है।
विद्यालय भवन का प्रस्ताव शासन को भेेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद ही नया भवन बन पाएगा। रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए उच्च अधिकारियों से लगातार पत्राचार किया जा रहा है।
- रमेश चंद्र मौर्या, खंड शिक्षा अधिकारी गंगोलीहाट।