फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आरोपियों की हो गिरफ्तारी, किया प्रदर्शन

Fri, 03 Jun 2016 10:42 PM IST
ब्यूराे/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
आरोपियों की हो गिरफ्तारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 डीडीहाट के जीआईसी वार्ड निवासी ममता कन्याल की संदिग्ध हालत में मौत के लिए जिम्मेदार ससुराल वालों की अब तक गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित मृतका के मायके वालों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने उग्र प्रदर्शन किया। लोगों ने एसपी आफिस का घेराव किया। आरोप लगाया कि पुलिस रिपोर्ट दर्ज होने के बाद इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
विज्ञापन


 पिथौरागढ़ नगर के केदार कालोनी निवासी डिकर सिंह बिष्ट ने 28 मई को डीडीहाट थाने में ममता के पति पंकज सिंह कन्याल, ससुर मोहन सिंह, सास नंदी देवी और देवर दीपक कन्याल के खिलाफ यह रिपोर्ट लिखाई कि इन लोगों ने मिलकर उनकी बेटी को मिट्टी का तेल डालकर जला दिया। उसकी इलाज के दौरान दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में 28 मई को मौत हो गई। रिपोर्ट में कहा गया कि 11 मई को अपराह्न पांच बजे आग लगाने की यह घटना हुई। गंभीर रूप से जली ममता को पहले डीडीहाट अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल लाया गया। स्थिति गंभीर होने पर उसे दिल्ली ले जाया गया।

डीडीहाट थाना पुलिस ने चारों के खिलाफ 28 मई को ही धारा 498 (ए), 323, 504, 506 में मुकदमा दर्ज किया। तब से लेकर अब तक गिरफ्तारी न होने से ममता के मायके वाले भारी गुस्से में हैं। शुक्रवार को केदार कालोनी और जगदंबा कालोनी से सैकड़ों लोग जुलूस निकालकर एसपी आफिस आ धमके। पिता ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह सपरिवार धरने पर बैठ जाएंगे। प्रदर्शन में राम सिंह बिष्ट, प्रेम सिंह बिष्ट, संतोष सिंह, बलवंत सिंह, हेमलता भंडारी, गीता लुंठी, पदमा बिष्ट, टिकेंद्र महर, तपन रावल, शमशेर महर, पंकज बिष्ट, कवींद्र महर, पवन पाटनी समेत भारी संख्या में लोग थे। 
विज्ञापन


उधर, पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने कहा है कि ममता की मृत्यु दिल्ली में हुई है। पुलिस को अब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। पुलिस की एक टीम को पीएम रिपोर्ट लाने दिल्ली भेजा गया है। आरोपी देवर दीपक कन्याल सेना में कार्यरत है। उसे भी बुलाया जा रहा है। तीन दिन के भीतर गिरफ्तारी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया में पुलिस को एक दो दिन का समय लगेगा। ममता के 161 के बयान भी दिल्ली में ही हुए हैं।

ममता और पंकज का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ
ममता का विवाह डीडीहाट निवासी पंकज सिंह कन्याल के साथ 27 नवंबर 2014 को हुआ था। मृतका के पिता डिकर सिंह बिष्ट का कहना है कि विवाह के बाद से ही ममता का दहेज के लिए उत्पीड़न होने लगा। उसे मानसिक और शारीरिक यातनाएं दी गई। उन्होंने कहा है कि मृतका ने यह सारी बातें पहले ही पिता-माता को बताई थी। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें