पिथौरागढ़। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर जमीन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने धारचूला निवासी एक व्यक्ति को देहरादून में जमीन दिलाने के नाम पर 6,08,000 रुपये की धोखाधड़ी की थी।
16 जनवरी 2023 को ग्राम कालिका धारचूला निवासी देवेंद्र दुग्ताल ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें कहा था कि संतोष दुग्ताल ग्राम करयूखेड़ा जनपद चंपावत निवासी ने देहरादून में जमीन दिलाने के नाम पर उनसे 6,08,000 रुपये लिए लेकिन उसने जमीन नहीं दिलाई। इसके बाद जब उन्होंने धनराशि वापस मांगी तो आरोपी रुपये भी नहीं दे रहा है। तहरीर पर पुलिस ने कोतवाली धारचूला में धारा 420 के तहत केस दर्ज कर न्यायालय में दाखिल किया था।
कोर्ट ने पेशी के लिए उसके खिलाफ कई बार समन भेजा लेकिन आरोपी न्यायालय उपस्थित नहीं हुआ। इस पर न्यायालय से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया। एसपी रेखा यादव के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली धारचूला विजेंद्र शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से सोमवार को आरोपी संतोष दुग्ताल को देहरादून के ठाकुरपुर, प्रेमनगर से गिरफ्तार कर लिया।
कोट
किसी भी प्रकार के लेन-देन से पूर्व संपूर्ण जानकारी एवं दस्तावेज सत्यापन अवश्य करना चाहिए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन नंबर पर दें। - रेखा यादव, एसपी पिथौरागढ़