फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

थल-मुनस्यारी सड़क जानलेवा बनी

Thu, 27 Jul 2017 10:43 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नाचनी
विज्ञापन
थल-मुनस्यारी रोड पर ककड़सिंह बैंड के पास ऐसे निकल रहे वाहन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
ककड़सिंह बैंड के पास थल-मुनस्यारी सड़क जानलेवा बनी है। इस महीने के पहले सप्ताह ककड़सिंह बैंड के पास चट्टान दरकने से थल-मुनस्यारी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। हल्के वाहनों के लिए सड़क तो खोल दी गई थी, लेकिन उसके बाद लोनिवि ने पलट कर सड़क की ओर नहीं देखा। संकरी सड़क पर चट्टानों से सट कर भारी वाहन ले जाना पड़ रहा है। वाहन के टायर सड़क से बाहर जा रहे हैं।
विज्ञापन


जिस स्थान पर सड़क क्षतिग्रस्त है, वहां पर भारी वाहनों के लिए सड़क काफी संकरी है। थोड़ी सी चूक हुई तो वाहन जाकुला नदी में जा गिरेगा। भारी वाहन चलाने वाले चालक जान जोखिम में डालकर बड़े वाहनों का संचालन कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को हल्द्वानी से मुनस्यारी सामान लेकर आए ट्रक चालक हयात सिंह का कहना था कि इस स्थान पर ट्रक चलाने में जान हलक पर आ जा रही थी। ट्रक की बॉडी पहाड़ी से टकरा रही थी। थोड़ी सी चूक भारी पड़ सकती थी। कहते हैं कि सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद वह तीसरी बार ट्रक लेकर मुनस्यारी पहुंचे हैं। सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है, लेकिन ककड़सिंह बैंड के पास वाहन ले जाना जिंदगी को दांव पर लगाने जैसा है। वह कहते हैं चट्टान काटकर सड़क को चौड़ा किया जाना चाहिए।

समाजसेवी जगदीश द्विवेदी, तेजम के प्रधान लक्ष्मण मेहरा, जिला पंचायत सदस्य विमला बृथवाल, धन सिंह का कहना है कि लोक निर्माण विभाग लोगों की जान खतरे में डाल रहा है। सड़क को बड़े वाहनों के लायक बनाने में देर नहीं करनी चाहिए। इन हालात में कभी भी हादसा हो सकता है। उधर, लोनिवि डीडीहाट के अधिशासी अभियंता पीसी जोशी का कहना है कि यह स्थान अति संवेदनशील है। मुनस्यारी सड़क के ठीक ऊपर कपकोट, शामा को जाने वाली सड़क है। कठोर चट्टान को काटने पर पहाड़ी के क्षतिग्रस्त होने का खतरा है। सड़क पर सुधार किया जाएगा। चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें