कैलाश यात्रा मार्ग में आए बोल्डर। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला मुख्यालय से 23 किमी दूर कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर सड़क कटिंग के लिए की गई ब्लास्टिंग से पहाड़ी का बड़ा हिस्सा सड़क पर आ गया। तीन दिन से यहां वाहनों की आवाजाही बंद है, जिससे व्यास घाटी के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
18 फरवरी की शाम मल्लघाट के पास सड़क कटिंग के दौरान ब्लास्टिंग की गई थी। इसके बाद आधे घंटे के लिए सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया था। इस बीच अचानक बड़ा बोल्डर सड़क पर आ गिरा, जिससे व्यास वेली का संपर्क तहसील से कट गया। जयकोट, सिर्खा, रुंग, तांकुल, सिमखोला सहित अन्य गांवों के ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वाहन चालक देवेंद्र बूढ़ाथोकी और राजू नेगी ने बताया कि तीन दिन से यह मुख्य मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नदी किनारे से आवाजाही करनी पड़ रही है। स्थानीय निवासी होशियार बिष्ट ने बताया कि मार्ग बंद होने से 13 से ज्यादा ग्राम सभाओं के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सामग्री लाने ले जाने में परेशानी हो रही है। बीमार लोगों के लिए तो बहुत ही मुश्किल हो रही है। ग्रिफ के अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी से बड़ा बोल्डर गिरने से सड़क बंद है। अभी भी लगातार बोल्डर गिरने से खतरा बना है। दोनों ओर से जेसीबी लगी हैं। ग्रिफ के अधिकारी दो दिन में सड़क खुलने की संभावना बता रहे हैं।
बंद मार्ग को खोलने के लिए दोनों ओर से कार्य जारी है। ग्रिफ के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। अत्यधिक बोल्डर और मलबा आ जाने से रोड खोलने में समय लग रहा है। जल्दी ही यातायात को बहाल कर दिया जाएगा। -अनिल कुमार शुक्ला, उपजिलाधिकारी धारचूला।