पिथौरागढ़। प्रशिक्षित बेरोजगार रोजगार के लिए पहाड़ नहीं चढ़ना चाहते हैं। जिले में प्राथमिक विद्यालयों में 365 स्थायी शिक्षकों की तैनाती के लिए काउंसलिंग हुई। इसमें सिर्फ 46 अभ्यर्थी ही शिक्षक बनने के लिए पहुंचे। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इसकी मुख्य वजह अभ्यर्थियों का दूरस्थ के विद्यालयों में तैनाती की इच्छा नहीं है।
जिले के प्राथमिक विद्यालय शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं इससे छात्र संख्या लगातार घट रही है और विद्यालयों में ताले लग रहे हैं। छात्र संख्या बढ़ाने और शिक्षा व्यवस्था बेहतर करने के उद्देश्य से जिले के प्राथमिक विद्यालयों में 365 स्थायी शिक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू हुई है। बीते दिनों इसके लिए अभ्यर्थियों की काउंसलिंग हुई। काउंसलिंग में सिर्फ 46 अभ्यर्थी पहुंचे।
अभ्यर्थियों चाहिए सुगम जिला
पिथौरागढ़। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मेरिट सूची में ऊपर रहने वाले अधिकांश अभ्यर्थियों ने सुगम जिले को चुना है। यही कारण है पिथौरागढ़ जिले में तैनाती के लिए हुई पहली काउंसलिंग में पदों के सापेक्ष सिर्फ 13 प्रतिशत अभ्यर्थी ही शामिल हुए।
कोट
प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती के लिए हुई काउंसलिंग में कम अभ्यर्थी शामिल हुए। अब दूसरी काउंसलिंग होगी। उम्मीद है सभी पदों पर शिक्षकों की तैनाती होगी। - अशोक कुमार जुकरिया, सीईओ, पिथौरागढ़।