प्रधानाचार्य भर्ती परीक्षा के समर्थन में पिथौरागढ़ में प्रदर्शन करते शिक्षक। संवाद
पिथौरागढ़। प्रधानाचार्य के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा को लेकर सीमांत जनपद के कुछ शिक्षक प्रधानाचार्य विभागीय परीक्षा के समर्थन में उतर आए हैं। सीधी भर्ती के समर्थक शिक्षकों ने एलटी और प्रवक्ताओं को सम्मिलित करते हुए संशोधित विज्ञप्ति जारी कर परीक्षा शीघ्र कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
इससे पूर्व रविवार को रामलीला मैदान सदर में प्रधानाचार्य सीधी भर्ती के समर्थक शिक्षकों की बैठक हुई। बैठक में शिक्षकों ने विद्यालयों में रिक्त प्रधानाचार्य के 50 प्रतिशत पदों को सीमित विभागीय परीक्षा के माध्यम से भरे जाने के सरकार के निर्णय की सराहना की। कहा कि प्रदेश के अधिकांश विद्यालयों में प्रधानाचार्यों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। इसका असर शिक्षा व्यवस्था पर पड़ रहा है। शिक्षकों ने सीधी भर्ती के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस निर्णय से विद्यालयों में पूर्णकालिक प्रधानाचार्य मिल सकेंगे और शिक्षा व्यवस्था में भी सुधार होगा।
एचएस बिष्ट के संचालन में आयोजित बैठक में ललित मोहन धामी, बीएस ग्याला, राजेंद्र जोशी, चंद्र सिंह चिराल, कृष्णा रावल, कमलेश बिष्ट, माया रावत, अनीता अधिकारी, मनीषा वर्मा, ललित मोहन मुरारी, मनोज ग्वाल, नीरज कुमार फुलेरा, संजय पाटनी, राजेश पंत, रविशंकर कलौनी, विजेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद पाटनी, हरीश बिष्ट, आनंद कुमार सहित 50 शिक्षक उपस्थित रहे।