जिले के 101 राजकीय इंटर कॉलेजों में बायोमेट्रिक सिस्टम लगाने का काम शुरू हो गया है। आदर्श राजकीय इंटर कॉलेजों सहित कई अन्य विद्यालयों में यह सिस्टम लग चुके हैं। अन्य विद्यालयों में 31 मई तक सिस्टम लग जाएंगे। शिक्षा विभाग की कोशिश है कि एक जून से शिक्षकों की उपस्थिति बायोमेट्रिक सिस्टम से दर्ज हो। इसका सारा रिकार्ड मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पहुंच जाएगा। निवर्तमान मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया ने बायोमेट्रिक सिस्टम लगाने के लिए काफी प्रयास किया। शिक्षा निदेशालय ने पूरे प्रदेश में यह सिस्टम लागू करने का फैसला लिया है।
पिछले साल जिले में 16 राजकीय इंटर कॉलेजों को आदर्श का दर्जा मिला था। इनमें अन्य व्यवस्थाओं के साथ बायोमेट्रिक सिस्टम भी लगा दिए गए थे। दूसरे चरण में अन्य इंटर कॉलेजों में भी इस सिस्टम को लगाने का काम शुरू किया गया है। अप्रैल में बायोमेट्रिक सिस्टम लगाने वाली एजेंसी को आदेश दे दिए गए। इस माह के अंत तक 101 विद्यालयों में यह सिस्टम काम करने लगेगा। जिले में 128 राजकीय इंटर कॉलेज और 88 राजकीय हाइस्कूल हैं। इन सभी में बायोमेट्रिक सिस्टम लगाए जाएंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी का पद रिक्त
जिले में मुख्य शिक्षा अधिकारी का पद इस समय रिक्त है। अब तक यहां पर मुख्य शिक्षा अधिकारी रहे अशोक कुमार जुकरिया का स्थानांतरण हो गया है। उनके स्थान पर आनंद भारद्वाज की तैनाती हुई थी, लेकिन उनके स्थानांतरण को शासन ने निरस्त कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक वाईएस चौधरी का भी स्थानांतरण हो गया है। इस समय मुख्य शिक्षा अधिकारी का चार्ज वरिष्ठ प्रधानाचार्य गणेश प्रसाद को सौंपा गया है।