धरमघर (पिथौरागढ़)। तहसील प्रशासन ने धरमघर क्षेत्र के धूरा गांव में अवैध शराब बनाने की सूचना पर छापा मारा। इस दौरान 600 लीटर लहन बरामद हुआ। लहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। लॉकडाउन में शराब की दुकानें बंद हैं, लेकिन कच्ची शराब का कारोबार खूब चल रहा है। कच्ची शराब बनाने की सूचना पर बेड़ीनाग के नायब तहसीलदार पंकज चंदोला के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने नागिलगांव के धूरा तोक में छापा मारा। इस दौरान गांव के समीप जंगल में शराब बनाने का सामान बरामद हुआ। टीम ने लहन नष्ट कर दिया। पूछताछ में धंधे में लिप्त आरोपियों का पता नहीं चल सका। टीम में राजस्व उपनिरीक्षक विनोद कुमार और ग्राम प्रहरी केशर राम शामिल रहे।