जिले के नए जिलाधिकारी सुशील कुमार ने सोमवार को अपराह्न दो बजे कार्यभार ग्रहण कर लिया। वह एचसी सेमवाल की जगह तैनात हुए हैं। अब तक देहरादून में गन्ना विकास के अपर सचिव, समाज कल्याण विभाग के अपर सचिव, जनजाति निदेशालय के निदेशक का काम देख रहे सुशील कुमार ने पदभार संभालने के तुरंत बाद कलक्ट्रेट के कई कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने कोषागार का कार्यभार ग्रहण किया। वह जिला गठन के बाद 55वें और राज्य गठन के बाद 15वें जिलाधिकारी हैं।
बाद में उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी हासिल की। नए डीएम ने कहा है कि जिले में विकास को गति दी जाएगी। जनता की समस्या को तेजी से हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले की समस्याओं और जरूरतों का अध्ययन करेंगे। उसके बाद कार्ययोजना तैयार की जाएगी। प्रशासन को चुस्त दुरुस्त रखा जाएगा ताकि लोगों की समस्या जल्दी हल हो।
विकास के कामों में गुणवत्ता बनाए रखने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमांत जिले की जरूरतों को समझने में थोड़ा समय लगेगा। अधिकारियों से इसका फीडबैक लिया जाएगा। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी विनोद गिरी, अपर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य, प्रभारी अधिकारी प्रमोद कुमार से जिले की स्थिति की जानकारी ली।