बर्फ से ढका दारमा घाटी का दांतू गांव और पीछे पंचाचूली ग्लेशियर का शानदार दृश्य। स्रोत: मनोज द
धारचूला (पिथौरागढ़)। उच्च हिमालयी क्षेत्र दारमा और व्यास घाटी के गांवों में तीन दिन बर्फबारी के बाद शुक्रवार को तेज धूप खिलने से ग्रामीणों को राहत मिली। मौसम ठीक होने पर 65 आरसीसी ग्रिफ ने गुंजी से नीचे की जेसीबी के जरिए सड़क से बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया है।शनिवार तक तवाघाट-लिपुलेख सड़क आवाजाही के लिए पूरी तरह खुल जाएगी।
गुंजी निवासी भूपेंद्र गुंज्याल ने बताया कि शुक्रवार को मौसम ठीक होने पर लोगों को ठंड से काफी राहत मिली। बताया कि गांव में दो फुट से अधिक बर्फ होने के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उधर, दारमा घाटी में 67 आरसीसी ग्रिफ ने को नागलिंग से ऊपर की ओर बर्फ के चलते सड़क बंद होने की सूचना मिली। इस पर सड़क से बर्फ हटाने के लिए जेसीबी भेजी गई है। दांतू के होम स्टे संचालक महेश दताल और मनोज दताल ने बताया कि सड़क खुलने पर मुंबई से आई 35 लोगों की टीम भी लौट जाएगी।