टनकपुर (चंपावत)। जिले के उप जिला चिकित्सालय में करीब दो वर्ष से रिक्त हड्डी रोग विशेषज्ञ का पद भर गया है। बृहस्पतिवार को डॉ. प्रिंस माहेश्वरी ने अस्पताल पहुंचकर कार्यभार संभाला। इस तैनाती से हड्डी संबंधी रोगों के उपचार के लिए आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
पद रिक्त होने के कारण मरीजों को उपचार में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गंभीर मामलों में उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च स्वास्थ्य केंद्रों पर रेफर किया जाता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को दूसरे शहरों में जाना पड़ता था।
स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के प्रयास जारी हैं। यह तैनाती इन्हीं प्रयासों का हिस्सा है। इससे स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। मरीजों को अब उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
...........
दो वर्ष से हड्डी रोग विशेषज्ञ का पद खाली था। अब अस्पताल में ही हड्डी रोग से संबंधित मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन हड्डी रोग के काफी मरीज आते हैं। दुर्घटनाओं और चोट के मरीज भी उपचार के लिए यहां पहुंचते हैं।
-डॉ. घनश्याम तिवारी, सीएमएस, उप जिला चिकित्सालय