पिथौरागढ़। कनालीछीना राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में क्षेत्र के विद्यार्थियों को कंप्यूटर साइंस का ज्ञाप मिलेगा। नए शिक्षा सत्र से यहां कंप्यूटर साइंस डिप्लोमा कोर्स को संचालित किया जाएगा। अब 10 और 12वीं पास विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के लिए मैदानी क्षेत्रों की दौड़ नहीं लगानी होगी।
वर्तमान में कनालीछीना पॉलीटेक्निक कॉलेज में सिर्फ इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग ट्रेड संचालित है। अन्य ट्रेड संचालित न होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को इनका तकनीकी ज्ञान लेने के लिए अन्य संस्थानों का रुख करना पड़ रहा है। अब यहां कंप्यूटर साइंस ट्रेड का संचालन होगा। इस ट्रेड में प्रवेश लेने के लिए विद्यार्थियों को उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा की ओर से आयोजित होने वाली पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा में शामिल होने को 15 मई तक आवेदन करना होगा।
प्रवेश परीक्षा के बाद रिक्त सीटों पर सीधे भी प्रवेश दिए जाएंगे। इसके लिए कॉलेज में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं कॉलेज में आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शुल्क में छूट दी जाएगी। पॉलीटेक्निक से इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा हासिल करने के बाद विद्यार्थियों को बीटेक द्वितीय वर्ष में प्रवेश प्राप्त होगा। नए ट्रेड के संचालन के बाद क्षेत्र के विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है। संवाद
विद्यार्थियों को 50 हजार रुपये की दी जाती है छात्रवृत्ति
पॉलीटेक्निक कॉलेज में विद्यार्थियों को 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की योजना है। इससे विद्यार्थियों को शिक्षण में सहायता प्राप्त होती है। संवाद
कोट
पॉलीटेक्निक कॉलेज में इस सत्र से कंप्यूटर साइंस ट्रेड संचालित होगा। डिप्लोमा के अंतिम वर्ष में छात्रों के लिए विभाग की ओर से प्रतिवर्ष रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है। इससे विद्यार्थियों को प्लेसमेंट की सुविधा प्राप्त होती है। - दिव्या पांडेय, प्रधानाचार्य, पॉलीटेक्निक कॉलेज, कनालीछीना