पिथौरागढ़। मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए केंद्र कोटे की रिक्त तीन सीटों में सिर्फ एक ही विद्यार्थी प्रवेश के लिए पहुंचा। राजस्थान से पहुंचे छात्र ने केंद्र कोटे में प्रवेश लिया। वहीं दिल्ली का छात्र फ्लाइट छूटने से प्रवेश के लिए नहीं पहुंच सका। वह अब 26 अक्तूबर को प्रवेश ले सकेगा।
पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 50 सीट निर्धारित हैं। अब तक केंद्र कोटे की 43 सीटों के सापेक्ष 41 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। केंद्र कोटे की सीट पर प्रवेश लेने के लिए शनिवार को राजस्थान से एक छात्र पहुंचा। अब केंद्र कोटे की दो और राज्य कोटे की दो सीट खाली हैं। दिल्ली के छात्र की फ्लाइट छूटने से वह केंद्र कोटे की रिक्त सीट पर प्रवेश लेने के लिए पिथौरागढ़ नहीं पहुंच सका। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के मुताबिक, अब वह सड़क मार्ग से पिथौरागढ़ आ रहा है जो रविवार को पहुंचेगा। अवकाश के चलते वह सोमवार को प्रवेश ले सकेगा। हालांकि राज्य कोटे की खाली सीटों में प्रवेश लेने के लिए कोई भी विद्यार्थी नहीं आया। कॉलेज प्रबंधन को उम्मीद है कि जल्द सभी रिक्त सीटों पर प्रवेश पूरे हो जाएंगे और 27 अक्तूबर से पहले बैच की पढ़ाई शुरू होगी।
..........
मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों को 26 अक्तूबर तक प्रवेश दिया जाएगा। केंद्र कोटे में प्रवेश पाने के लिए सिर्फ एक ही छात्र पहुंचा। दूसरा छात्र प्रवेश नहीं ले सका। अन्य रिक्त सीटों पर जल्द प्रवेश होने की उम्मीद है।
-डॉ. एके सिंह, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़