गंगोलीहाट में जुलूस निकालते विद्यार्थी
- फोटो : अमर उजाला
कोठेरा जीआईसी में प्रधानाचार्य, प्रवक्ता और स्टाफ के पद सृजित न होने से परेशान स्कूल के विद्यार्थी बुधवार को कक्षाओं का बहिष्कार कर जुलूस निकाला और 7 किमी दूर तहसील मुख्यालय गंगोलीहाट पहुंचकर जबरदस्त नारेबाजी की। उन्होंने शिक्षा का अधिकार देने की मांग की।
प्रशासनिक अधिकारी माया मेहरा के माध्यम से एसडीएम को संबोधित ज्ञापन में विद्यार्थियों ने कहा कि पांच साल बीतने के बाद भी सरकार और शिक्षा विभाग ने जीआईसी कोठेरा में प्रधानाचार्य, प्रवक्ता एवं अन्य स्टाफ की तैनाती करने की आवश्यकता महसूस नहीं की है। स्कूल में सिलकोट, कोठेरा, जाखनी उप्रेती, रणकोट, जमड़कोट, भंडारी गांव के बच्चे पढ़ते हैं। प्रवक्ता न होने से कक्षा 11 की कक्षाओं का संचालन नहीं हो रहा है। विद्यार्थी 5 से 15 किमी दूर गंगोलीहाट पढ़ने जा रहे हैं।
हाईस्कूल पास बालिकाएं पढ़ाई छोड़ने पर मजबूर हो रही हैं। कहा है कि इन मांगों के साथ ही विज्ञान, वाणिज्य वर्ग की मान्यता नहीं दी जाती है को 25 जुलाई से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान एबीवीपी के जिला संगठन मंत्री संजेश मेहता, भाजपा नगर अध्यक्ष रमेश बोरा, ग्राम प्रधान सिमलकोट संतोषी देवी, ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र भट्ट, जिला पंचायत सदस्य हरीश भंडारी आदि थे।
उधर, मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक जुकरिया ने कहा कि गेस्ट टीचरों का मामला अभी हल नहीं हुआ है। नई नियुक्तियों की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। इसके तुरंत बाद रिक्त पदों को भर दिया जाएगा। साथ ही विज्ञान, वाणिज्य वर्ग की मान्यता के लिए प्रयास किया जाएगा।