राजकीय इंटर कॉलेज मुवानी के छात्र की आत्महत्या प्रकरण से रविवार को जनाक्रोश भड़क गया। रविवार को विभिन्न संगठनों के नेतृत्व में लोगों ने मुवानी में पौने सात घंटे जाम लगाकर बाजार बंद कराया। एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने घटना की मजिस्ट्रेटी जांच कराने के साथ ही दोषियों को निलंबित करने की मांग की।
राजकीय महाविद्यालय छात्रसंघ और व्यापार मंडल के नेतृत्व में सुबह सात बजे ही लोग मुवानी बाजार में एकत्र हो गए। लोगों में घटना को लेकर जबरदस्त गुस्सा था। उन्होंने नारेबाजी करते हुए थल-पिथौरागढ़ सड़क पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर दर्जनों वाहनों की क तारें लग गईं। दोपहर 1.45 बजे एसडीएम वैभव गुप्ता ने मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाया। लोगों ने घटना की मजिस्ट्रेटी जांच दोषी शिक्षकों को निलंबित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
एसडीएम ने कहा कि मजिस्ट्रेटी जांच के लिए जिलाधिकारी को संस्तुति की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग भी प्रकरण की जांच करेगा। एसडीएम के आश्वासन पर दोपहर दो बजे जाम खुला। ज्ञापन देने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष संजय कुमार, रमेश बम के साथ ही तमाम लोग और छात्र-छात्राएं शामिल थे।
यूथ कांग्रेस और ग्रामीणों ने मोर्चरी में किया प्रदर्शन
जिला मुख्यालय में रविवार को छात्र के शव का पोस्टमार्टम किया गया। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर के नेतृत्व में मोर्चरी में एकत्र लोगों और मृतक के परिजनों ने घटना पर रोष जताया। कहा कि शिक्षकों के रवैये से एक छात्र को जान देनी पड़ी, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रदर्शन में सूरज कुमार, ऋषभराज, अभिषेक, संजय कुमार और दीपक कुमार शामिल थे। वहीं, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोविंद भंडारी ने यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में मुवानी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि शिक्षक समुदाय की सहानुभूति दिवंगत छात्र के परिजनों के साथ है। उन्होंने कहा कि कोई भी शिक्षक अपने विद्यार्थी का अहित नहीं चाहता है। भंडारी ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
एसडीएम के सामने रो पड़ीं महिलाएं
थल। मृतक की ताई डिगरी देवी, कमला देवी, बहन संगीता, चाची निर्मला देवी, कमला देवी, गंगा देवी, हंसा देवी आदि महिलाएं उपजिलाधिकारी वैभव गुप्ता के सामने रो पड़ीं। महिलाओं का कहना था कि घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
एसडीएम को छात्राओं ने दिए मौखिक बयान
थल। उपजिलाधिकारी वैभव गुप्ता को कई छात्राओं ने मौखिक बयान देकर विद्यालय की अव्यवस्थाओं का खुलासा किया। छात्राओं ने समय से पहले छुट्टी करने समेत तमाम गंभीर आरोप शिक्षकों पर लगाए। एसडीएम ने कहा कि स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिखित बयान लिए जाएंगे। उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
शराब पीने की नहीं हुई पुष्टि, रात में ही छोड़ा शिक्षकों कोे
थल। छात्र आत्महत्या प्रकरण में हिरासत में लिए दोनों शिक्षकों के शराब पीने की पुष्टि न होने पर पुलिस ने उन्हें शनिवार की रात ही छोड़ दिया था। थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट ने कहा कि शनिवार को मृतक के भाई सूरज कुमार ने 15 लोगों के खिलाफ मामले में तहरीर दी है। बिष्ट ने कहा कि प्रकरण की जांच चल रही है। जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
मुवानी इंटर कालेज में हुए घटनाक्रम और आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। इस जांच टीम में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक, खंड शिक्षा अधिकारी कनालीछीना और जीजीआईसी थल की प्रधानाचार्या को शामिल किया गया है। टीम को तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
अशोक कुमार जुकरिया, मुख्य शिक्षा अधिकारी, पिथौरागढ़।
मृतक छात्र के परिजनों की ओर से तहरीर मिली है। इंटर कॉलेज के शिक्षकों पर जो आरोप लगाए गए हैं, उनकी थल थाना पुलिस जांच कर रही है। जांच में यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। - रामचंद्र राजगुरु, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़।