फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डिग्री कॉलेज में स्ट्रांग रूम बनेगा

Tue, 10 Jan 2017 10:37 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पिथौरागढ़ डिग्री कालेज में बनने वाले स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करते अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव का मतदान संपन्न होने के बाद 15 फरवरी को चारों विधानसभा सीटों की ईवीएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में लाई जाएंगी। ईवीएम को रखने के लिए स्ट्रांग रूम भी इसी कॉलेज में बनेगा। 11 मार्च को मतगणना भी इसी स्थान पर होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डा. रंजीत सिन्हा ने मंगलवार को अफसरों की टीम के साथ कॉलेज का निरीक्षण किया।
विज्ञापन


डीएम ने बताया कि चारों विधानसभा सीटों की ईवीएम को रखने के लिए चार स्ट्रांग रूम बनाए जाएंगे। इनके चारों तरफ सीसीटीवी लगाए जाएंगे। पूरे परिसर की बैरिकेडिंग की जाएगी और 11 मार्च तक स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए सुरक्षा बल 24 घंटे तैनात रहेंगे। बैरिकेडिंग बनाने की जिम्मेदारी लोनिवि के अधिशासी अभियंता एनसी जोशी को दी गई है। ईवीएम को संग्रह करने के लिए चारों विधानसभा सीटों के अलग-अलग कलेक्शन सेंटर बनेंगे। नजदीकी मतदान केंद्रों की ईवीएम 15 फरवरी की रात तक और दूरदराज की ईवीएम 16 फरवरी तक पहुंच जाएंगी। यह भी तय किया गया कि तीन विधानसभा सीटों की मतगणना कॉलेज में बड़े हॉल में की जाएगी, जबकि एक विधानसभा सीट की गणना कॉलेज के प्रशासनिक भवन में होगी। हालांकि, किस सीट की मतगणना कहां होगी, इसका अभी खुलासा नहीं किया है।

ईवीएम लेकर लौटने वाली पोलिंग पार्टियों के वाहनों की पार्किंग डिग्री कॉलेज के खेल मैदान में होगी।
डीएम ने बताया कि पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों की रवानगी केेएन उप्रेती राजकीय इंटर कॉलेज से होगी। वहीं पर हर पोलिंग पार्टी को मतदान से संबंधित सामग्री दी जाएगी। डीएम ने राजकीय इंटर कॉलेज का भी निरीक्षण किया। उनके साथ उपजिला निर्वाचन अधिकारी आशीष चौहान, एडीएम मोहम्मद नासिर, रिटर्निंग अफसर एसके पांडे, सीओ हिमांशु साह, कॉलेज के प्राचार्य डा. डीएस पांगती आदि थे।
विज्ञापन


अब होली के बाद ही कॉलेज खुलेगा
पिथौरागढ़। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय शीतकालीन अवकाश के कारण बंद हो गया है। अब कॉलेज को प्रशासन चुनाव संबंधी कामों के लिए अपने अधीन ले लेगा। इस कारण मतगणना तक कॉलेज प्रशासन के नियंत्रण में रहेगा। प्राचार्य डा. डीएस पांगती ने बताया कि अब कॉलेज होली के बाद ही खुलेगा। 11 मार्च को मतगणना होगी और 13 मार्च को होली है। अलबत्ता कॉलेज में एक फरवरी से होने वाली पीजी सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए तैयारी की जा रही है। यह परीक्षाएं 11 फरवरी तक चलेंगी।

दौरे में निगरानी और उड़नदस्ता टीम नहीं दिखी
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डा. रंजीत सिन्हा ने निगरानी और उड़नदस्ता टीमों की कार्य प्रणाली पर नाराजगी जताई है। डीएम ने कुछ इलाकों का दौरा किया, लेकिन कहीं पर भी इन टीमों के कर्मचारी नजर नहीं आए, जबकि जिले में 20 निगरानी और 8 उड़नदस्ता टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को जिम्मेदारी दी गई है कि वह हर वाहन की चेकिंग करें। यदि किसी वाहन में बड़ी मात्रा में मतदाताओं को लुभाने वाली कोई सामग्री जा रही हो तो उसे जब्त करें। आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों पर सख्त नजर रखने का काम भी इन टीमों को दिया गया है। डीएम ने निरीक्षण करने के बाद अब रिटर्निंग अफसर, सहायक रिटर्निंग अफसर को निर्देश दे दिए हैं कि वह उड़नदस्ता और निगरानी टीमों के संपर्क में रहें। यदि कहीं पर कोई आपत्तिजनक सामग्री पकड़ में आती है तो उसकी वीडियोग्राफी करें। डीएम ने कहा है कि अब यदि टीम के किसी सदस्य के स्तर से लापरवाही की जाती है तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

ब्लड बैंक और ट्रैकिंग रूट पर स्वीप कार्यक्रम चलेगा 
मतदाता जागरूकता के लिए चलाए जा रहे स्वीप कार्यक्रम को अब जिला अस्पताल के ब्लड बैंक और चंडाक के ट्रैकिंग रूट पर भी चलाया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी डा. रंजीत सिन्हा ने बताया कि 13 जनवरी को ब्लड बैंक में और 17 जनवरी को चंडाक ट्रैकिंग रूट पर मतदाता जागरूकता अभियान चलेगा। सीडीओ आशीष चौहान को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। आंगनबाड़ी केंद्रों में भी मतदाता जागरूकता अभियान चलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें