डीडीहाट में नागरिकों की बैठक लेते सीओ
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस क्षेत्राधिकारी हिमांशु साह ने डीडीहाट थाने का निरीक्षण कर पत्रावलियों की जांच की। साथ ही पुलिस कर्मचारियों और आम नागरिकों के साथ बैठक कर यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा। व्यापार संघ अध्यक्ष गोविंद लाल साह की अध्यक्षता में हुई बैठक में लोगों ने बाजार में बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने, ह्यूमन ट्रैफिकिंग आदि के मुद्दे उठाए।
सीओ ने थानाध्यक्ष गणेश सामंत को ट्रैफिक में सुधार लाने के लिए, तहसील रोड़ पर बड़े वाहनों के लिए समय निर्धारित करने, बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए अभिभावकों के साथ बैठक करने, रात्रि गश्त लगाने और स्कूल खुलने एवं छुट्टी के समय महिला पुलिस कांस्टेबलों को तैनात करने के निर्देश दिए। बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता ललित भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष कवींद्र शाही, जिला पंचायत सदस्य हरेंद्र चुफाल, सभासद दीपक कन्याल आदि थे।