गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। विकासखंड के विभिन्न विभागों के राज्य कर्मचारियों और अधिकारियों ने 18 सूत्री मांगों के लिए विकासखंड कार्यालय में गेट मीटिंग कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों को पूरा करने के सिर्फ आश्वासन दे रही है और कोई कार्यवाही नहीं कर रही है जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्राम्य विकास, पंचायती राज, बाल विकास, कृषि विभाग, उद्यान, समाज कल्याण, सिंचाई सहित अन्य विभागों में तैनात कर्मचारियों ने शनिवार को प्रदर्शन करते हुए कहा कि सरकार पुरानी पेंशन बहाली, पुरानी एसीपी व्यवस्था, गोल्डन कार्ड की विसंगतियों को दूर करने, एफटीए की वृद्धि सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान का सिर्फ आश्वासन ही दे रही है। अब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में प्रदीप बिष्ट, हेम पाठक, शेरनाथ, योगेश भारती, प्रकाश भट्ट, अमित गहतोड़ी, राजकुंवर कंडारी, मुकेश गैरोला, अर्चना जोशी, रश्मि कटियार, डीएन जोशी, चंद्रा मेहता सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
इधरए पिथौरागढ़ में संयुक्त राज्य कर्मचारी परिषद के आह्वान पर बिण ब्लॉक में गेट मीटिंग का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। परिषद के जनपद अध्यक्ष प्रदीप भट्ट ने बताया कि गेट मीटिंग के दौरान एसीपी पूर्व की भांति 10, 16 व 26 वर्ष में प्रोन्नत वेतनमान, गोल्डन कार्ड, वेतन विसंगति, पुरानी पेंशन सहित 18 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से रखते हुए इनके शीघ्र निराकरण की मांग की गई। वहां बीडीओ राजेंद्र अवस्थी, सहायक पंचायत अधिकारी दीपक कुमार, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी खगेंद्र सिंह बिष्ट, चंद्रकांत जोशी, मीना जोशी, भुवन चंद्र तिवारी, हरीश मेहरा, दीपक भट्ट समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। संवाद