पिथौरागढ़। आज 23 नवंबर से बनबसा मिलिट्री स्टेशन में पिथौरागढ़ और चंपावत जनपद के युवाओं के लिए सेना की अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हो रही है लेकिन इससे ठीक पहले परिवहन निगम के पिथौरागढ़ डिपो की खस्ताहाल व्यवस्था ने अभ्यर्थियों और आम यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है।
टायरों और कलपुर्जों की भारी कमी के चलते डिपो की करीब 30 बसें खड़ी होने की कगार पर पहुंच गई हैं। डिपो के कुल 58 बसों के बेड़े में से 20 बसें पहले ही पुरानी हो चुकी हैं जबकि नई बसें अब तक नहीं मिली हैं।
वर्तमान में करीब 28 बसें दिल्ली और शेष देहरादून, गुरुग्राम, लखनऊ और बरेली जैसे प्रमुख रूटों पर संचालित हो रही हैं। हाल ही में डिपो को महज 12 टायर मिले हैं जो जरूरत के मुकाबले बेहद कम हैं।
स्थिति यह है कि डिपो इन दिनों एआरएम विहीन चल रहा है। सीनियर फोरमैन का तबादला हो चुका है और प्रभारी जूनियर फोरमैन भी अवकाश पर हैं। वर्कशॉप में महज तीन-चार तकनीकी कर्मचारियों के भरोसे मेंटेनेंस चल रहा है। ऐसे में भर्ती रैली के लिए टनकपुर-बनबसा रूट पर अतिरिक्त बसें लगाने पर अन्य मार्गों की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होना तय है।
....................
यात्रियों की अधिकता होने पर संबंधित रूट पर अतिरिक्त बस भेजी जा रही हैं। भर्ती रैली के लिए भी इसी तरह व्यवस्था कर बस सेवा का संचालन सुचारु रखा जाएगा।
-प्रेमा आर्यात, वरिष्ठ स्टेशन प्रबंधक, पिथौरागढ़