नाचनी में पुल की मरम्मत करते लोनिवि के मजदूर
- फोटो : अमर उजाला
थल-मुनस्यारी सड़क के नाचनी में भुजगढ़ नदी पर बने मोटर पुल की जर्जर हालत पर अमर उजाला के अभियान का असर हुआ है। लोनिवि ने पुल की सुरक्षा का कार्य शुरू कर दिया है। अमर उजाला ने फरवरी में पुल को पहुंच रहे नुकसान की खबर प्रकाशित की थी। उससे पहले भी कई बार अखबार इस मामले को प्रकाश में ला चुका है।
हरकत में आए लोनिवि के डीडीहाट डिवीजन ने रविवार से पुल के दोनों छोरों की मरम्मत के साथ ही लोहे के गर्डरों में पेंट, कलपुर्जों में ग्रीसिंग का काम शुरू कर दिया है। पुल के नट-बोल्ट कसे जा रहे हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता पीसी जोशी ने कहा कि पुल की मरम्मत कर उसे यातायात के लिए सुरक्षित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुल के दोनों छोरों पर कूड़ा एवं गंदगी फेंकने से पुल को नुकसान पहुंच रहा है।
गर्डरों में जंक लग रहा है। उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से पुल के आसपास गंदगी न करने की अपील की है। बताया कि पुल को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों को चिन्हित करने के लिए नाचनी थाने को भी उनके द्वारा पत्र दिया गया है। पुल से रोज सैकड़ों वाहन गुजरते हैं।