थल (पिथौरागढ़)। दिवाली पर्व नजदीक आते ही मिलावटी और बासी खाद्य पदार्थों की बिक्री का खेल शुरू हो गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को थल बाजार में औचक निरीक्षण कर कारोबारियों के इस कारनामे का पर्दाफाश किया।
सहायक आयुक्त आरके शर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान दुकानों में बड़े पैमाने पर बासी मिठाइयां मिलीं। टीम ने मौके पर ही एक किलो मिल्क केक, दो किलो बूंदी के लड्डू और दो किलो डोडा बर्फी को नष्ट करा दिया। इसके अलावा, मिलावट की आशंका पर मिठाई के तीन संदिग्ध नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
जांच में कई दुकानों की मिठाइयों पर निर्माण और उपभोग की तिथि दर्ज नहीं पाई गई जिस पर दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई है। विभाग की इस कार्रवाई से बाजार के दुकानदारों में खलबली है।
तेल में तीन बार से अधिक खाद्य पदार्थ तलना नियमों के खिलाफ
टीम ने रेस्तरां और बेकरी की दुकानों का भी निरीक्षण किया। रेस्तरां संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने, उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य तेल का प्रयोग करने के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त आरके शर्मा ने कहा कि तेल में तीन बार से अधिक खाद्य पदार्थ तलना नियमों के खिलाफ है। ऐसा करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कारोबारियों को ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी है।