सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की पंचम वाहिनी मुख्यालय चंपावत में अंतर्वाहिनी खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हो गई, जिसमें क्षेत्रीय मुख्यालय अल्मोड़ा की टीम पहले और पीलीभीत मुख्यालय की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि पंचम वाहिनी की टीम को तीसरे स्थान के लिए चुना गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि प्रभारी सेनानायक राजीव भट्ट ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए उनकी हौसला अफजाई की। 26वीं वाहिनी के सुरेश कुमार को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के सम्मान से नवाजा गया। प्रतियोगिता में एसएसबी की 11वीं वाहिनी, पंचम वाहिनी, 55वीं वाहिनी, 39वीं वाहिनी, 57वीं वाहिनी और 26वीं वाहिनी के जवानों ने प्रतिभाग किया। समापन कार्यक्रम के संचालन में निरीक्षक मुख्यालय दरबान राम, जीवन सिंह, नारायण सिंह रावत आदि ने सहयोग दिया।