मदकोट में प्रदर्शन करते गुरिल्ला।
- फोटो : AMAR UJALA
एसएसबी के प्रशिक्षित गुरिल्लों (स्वयं सेवक) ने बल में समायोजन समेत तमाम मांगों को लेकर मदकोट में प्रदर्शन किया। गुरिल्ला संगठन के प्रदेश प्रभारी हर्ष सिंह भंडारी के नेतृत्व में एकत्र गुरिल्लों ने बैठक कर गुरिल्ला आंदोलन की समीक्षा की। इन लोगों ने कहा कि एसएसबी के स्वयंसेवक अपने हक की लड़ाई पिछले 15 साल से लड़ रहे हैं। सरकार गुरिल्लों की मांग पर ध्यान नहीं दे रही है।
कहा कि पूर्वोत्तर राज्य में वर्ष 2001 में ही स्वयंसेवकों को एसएसबी में समायोजित किया जा चुका है लेकिन उत्तराखंड समेत कई राज्यों के गुरिल्लों के साथ अन्याय किया जा रहा है। स्वयंसेवकों ने कहा कि एसएसबी में समायोजन, 40 वर्ष से अधिक उम्र के गुरिल्लों और गुरिल्ला आश्रितों को पेंशन देने की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। बैठक के बाद गुरिल्लों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विजय राम, मनोज सिंह, डिगर सिंह कोरंगा, धनुली देवी, कलावती देवी, खगेंद्र सिंह, मुन्नी बिष्ट, गोमती देवी, गोपाल सिंह समेत तमाम गुरिल्ला शामिल थे।