चंपावत। पंचम वाहिनी एसएसबी ने शनिवार को स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत गोल्ज्यू मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम के नेतृत्व में स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि जवानों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। लोगों को भी अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने का संदेश दिया गया। इस दौरान सहायक कमांडेंट (संचार) नवीन कुमार और एसएसबी के जवान मौजूद रहे।