जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं। संवाद
थल (पिथौरागढ़)। जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में कन्या इंटर कॉलेज थल की 12 छात्राओं ने हिस्सा लिया, जिसमें छात्राओं ने आठ स्वर्ण, छह रजत और सात कांस्य पदक जीते।
सीनियर वर्ग के अंडर-19 आयु वर्ग में कक्षा 11 की छात्रा नीतू अल्मियां ने 400, 800 और 1500 मीटर दौड़ की तीनों स्पर्धा में तीन स्वर्ण पदक जीतकर चैंपियनशिप प्राप्त की। जूनियर वर्ग अंडर 17 आयु वर्ग में कक्षा 10 की छात्रा ज्योति ने भाला और तार गोला क्षेपण में दो स्वर्ण पदक जीते। इसी आयु वर्ग में कक्षा 12 की छात्रा बबीता ने चक्का क्षेपण में स्वर्ण पदक जीता। सब जूनियर अंडर-14 आयु वर्ग में कक्षा नौ की छात्रा तनुजा ने चक्का क्षेपण में स्वर्ण पदक जीता।
विजेता छात्राएं 28 से 31 अक्तूबर को देहरादून में होने वाले राज्य स्तरीय विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। चैंपियनशिप हासिल करने वाली छात्रा नीतू अल्मियां की माता अनीता अल्मियां और दो स्वर्ण जीती ज्योति की माता अनीता देवी को प्रधानाचार्य सीता बोनाल ने सम्मानित किया।
इस मौके पर पीटीआई लता मेहता, गीता पंत, विमला मर्तोलिया, निर्मला भंडारी, पूजा चन्याल, गणेश लोहनी, महेश जोशी, आनंद महरा सहित कई लोग मौजूद रहे।