पिथौरागढ़ जिले में बुधवार को आसमान पर बादल घिरे रहे। दोपहर में तेज हवाओं का असर रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में हल्की और मध्यम स्तर की बारिश और चोटियों पर हिमपात की संभावना जताई है। मुनस्यारी के निकट पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा की चोटियों में दोपहर बाद हल्का हिमपात हुआ।
मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद शर्मा ने बताया कि इस समय पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय हो गया है। उसका असर अगले 24 घंटे तक बना रहेगा। वहीं, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फीला तूफान आने की चेतावनी का बुधवार को कोई असर नहीं दिखा। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 21 से 23 जनवरी तक बर्फीला तूफान आने का अलर्ट जारी किया था। आईटीबीपी और एसएसबी की अग्रिम पोस्टों से मिली जानकारी के अनुसार उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम की स्थिति सामान्य है।
उधर, चंपावत जिले में 23 जनवरी तक बर्फबारी और बरसात की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के 2300 मीटर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर पांच से 15 सेमी तक बर्फबारी और बरसात की संभावना है। उन्होंने पुलिस की क्यूआरटी टीमों को आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने टनकपुर-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने की सूचना पर वाहनों को यथासंभव सुरक्षित स्थानों पर ही रोकने के निर्देश दिए हैं।