पिथौरागढ़ में आतंकियों से निपटने का प्रशिक्षण लेते सैनिक
- फोटो : अमर उजाला
भारत और नेपाल की सेना के संयुक्त सैन्य अभ्यास के दौरान शनिवार को आतंकियों से निपटने का अभ्यास किया गया। जंगल लेन शूटिंग के दौरान सैनिकों ने अपनी क्षमता का बेहतर प्रदर्शन किया। किस तरह आतंकियों के ठिकाने का पता लगाया जाता है और उन पर कैसे काबू पाया जाता है इसकी पूरी जानकारी अभ्यास के दौरान ली गई।
यहां चल रहे सूर्यकिरण-11 संयुक्त सैन्य अभ्यास में शनिवार सुबह दोनों देशों के डाक्टरों ने युद्ध के समय या फिर अन्य किसी आपरेशन के समय घायल होने वाले सैनिकों को दी जाने वाली मेडिकल सुविधा के बारे में बताया। इसका डेमो भी दिखाया गया। आज भी फायरिंग का अभ्यास जारी रहा और कई अन्य टास्क में दोनों देशों के सैनिक शामिल हुए। एकता शक्ति बटालियन के सहयोग से यहां छावनी क्षेत्र में चल रहे सैन्य अभ्यास में आज वालीबाल मैच भी हुआ। सूर्या और किरण नाम से दो टीमें बनाई गई। दोनों टीमों में भारत और नेपाल के सैनिक शामिल किए गए। संघर्षपूर्ण मुकाबले में सूर्या टीम ने यह मैच जीत लिया।
सैनिकों को रॉक क्लाइबिंग का भी अभ्यास कराया गया। दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी समझ बढ़ाने, तालमेल के साथ आतंकी घटनाओं से निपटने, आपदा के समय लोगों की सहायता करने जैसे अभ्यास कराए जा रहे हैं। सैन्य अभ्यास 20 मार्च तक चलेगा। दोनों देशों के सैनिक इस अवधि में नई गतिविधि को सीखेंगे। सात मार्च से शुरू हुए सैन्य अभ्यास में अब तक दोनों देशों के सैनिक कई गतिविधियों में भाग ले चुके हैं।