वार्षिकोत्सव में कार्यक्रम पेश करते बच्चे
- फोटो : अमर उजाला
स्वरांजलि नृत्य वाटिका के वार्षिकोत्सव में रविवार को रंगारंग कार्यक्रमों की धूम मची रही। गुजरात में संगीत महाविद्यालय चलाने वाले ओम स्वामी हिमांशु महाराज ने शास्त्रीय संगीत पर भव्य प्रस्तुति दी। बाल कलाकारों ने ‘इतनी सी हंसी, इतनी सी खुशी, इतना सा चांद’ कार्यक्रम पेश कर दर्शकों का मन मोह लिया।
नगरपालिका हाल में आयोजित समारोह का पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती ने दीप जलाकर उद्घाटन किया। स्वरांजलि की प्रबंधक उमा पांडे ने कहा कि लोगों के सहयोग से यह संस्थान लगातार आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर शशिकला वल्दिया, सभासद दिनेश सौन, डा. आर्थिक आदि ने भी विचार रखे। संचालन कै. दीवान सिंह वल्दिया ने किया। समारोह की शुरुआत डौली उप्रेती और शिवांगी बिष्ट की ओर से प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, इसके बाद प्रतिभा, पवन जोशी, जगदीश पांडे ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बाद में प्रतिभा दरियाल ने एकल प्रस्तुति दी। पलक सामंत, मितावशी पंगरिया ने ‘गुस्ताख दिल तेरे लिए’ कार्यक्रम पेश किया। बाद में प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। स्वरांजलि नृत्य वाटिका में शास्त्रीय संगीत की शिक्षा दी जाती है।