बर्फबारी और बारिश से मल्ला जोहार के टोला में पुलिया ध्वस्त हो गई है। लास्पा की पुलिया का एक हिस्सा बैठ गया है। पुलिया ध्वस्त होने से शीतकालीन प्रवास से लौट रहे लोगों के सामने दिक्कत पैदा हो गई है। अंधड़ से मुनस्यारी के क्वीरीजिमिया में चार और मदकोट के मनकोट में एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। बाता गांव में एक बकरी बाड़े को नुकसान पहुंचा है।
मल्ला जोहार के मर्तोली निवासी राजू मर्तोलिया ने विनोद पांगती के हवाले से टोला की पुलिया ध्वस्त होने और लास्पा की पुलिया क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी है। बताया है कि मल्ला जोहार जाने वाले रास्ते में अभी काफी बर्फ जमा है। रास्ते में बर्फ जमा होने और पुलिया ध्वस्त होने के कारण इस वर्ष अभी तक लोग माइग्रेशन पर नहीं लौट पाए हैं। एसडीएम आरसी गौतम 22 अप्रैल को रास्तों को खोलने के निर्देश दे चुके हैं लेकिन लोनिवि ने रास्ते खोलने के लिए कोई कदम नहीं उठाए हैं। लोनिवि के अवर अभियंता महेश राम का कहना है कि शीघ्र मार्ग ठीक कर लिया जाएगा।
उधर, क्वीराजिमिया की प्रधान रेनू देवी ने उप जिलाधिकारी को लिखे पत्र में सूचना दी है कि बुधवार शाम करीब चार बजे आंधी-तूफान से गांव के कमला देवी, कुशमा देवी, हरीश सिंह और गोकर्ण सिंह के मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इन लोगों के सामने आवास की समस्या पैदा हो गई है। उपजिलाधिकारी आरसी गौतम ने बृहस्पतिवार को क्षति के आकलन के लिए राजस्व टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया है। मदकोट से मिली जानकारी के अनुसार आंधी-तूफान से मनकोट गांव के लक्ष्मण सिंह पुत्र कल्याण सिंह का मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। बाता में प्रेम सिंह का बकरी बाड़े की छत उड़ गई है। उधर, नाचनी से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात्रि करीब 9 बजे क्षेत्र के बरा (बांसबगड़) गांव में आंधी-तूफान से कई पॉलीहाउस क्षतिग्रस्त हो गए। सब्जियों को जबरदस्त नुकसान पहुंचा है। लोगों ने क्षति का आंकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।