मुनस्यारी में शुक्रवार को हुई बर्फबारी का नजारा। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
शुक्रवार को मुनस्यारी में इस मौसम की 16वीं बर्फबारी हुई। डीडीहाट में ओले गिरे। बर्फबारी और ओलावृष्टि से जिलेभर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
शुक्रवार सुबह मौसम साफ था। सुबह करीब 11 बजे बाद हल्के बादल छाने लगे। मुनस्यारी क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ मुनस्यारी की ऊंची चोटियों हंसलिंग, पंचाचूली, मिलम और नामिक समेत तमाम चोटियों में हिमपात हुआ। शाम को पांच बजे बाद मुनस्यारी बाजार के साथ ही आसपास के इलाकों में बर्फबारी होने लगी। जमीन बर्फ से पट गई। बर्फबारी से थल-मुनस्यारी सड़क पर वाहन संचालन जोखिम पूर्ण हो गया है। बर्फ में वाहन रपट रहे हैं।
डीडीहाट से मिली जानकारी के अनुसार वहां शुक्रवार शाम ओलावृष्टि हुई। नाचनी में हल्की बारिश हुई। जिला मुख्यालय में दिनभर बादलों की अठखेलियां चलतीं रहीं। शाम को मौसम हल्का खुल गया था। ताजा बर्फबारी और ओलावृष्टि से समूचा जिला शीतलहर की चपेट में है। लोगों को ठंड से बचाव के लिए आग का सहारा लेना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय में नगरपालिका ने ठंड से बचाव के लिए कई स्थानों में अलाव की व्यवस्था की है।