फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: मुनस्यारी, धारचूला में बर्फबारी, निचले इलाकों में बारिश से बढ़ी ठंड

Fri, 23 Jan 2026 10:51 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
थल-मुनस्यारी सड़क पर बिछी बर्फ की सफेद चादर। संवाद
विज्ञापन
पिथौरागढ़/मुनस्यारी/धारचूला। आखिरकार सीमांत जिले में मौसम ने करवट बदली। लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इंतजार खत्म हुआ। जिला मुख्यालय सहित अन्य निचले इलाकों में बारिश जबकि मुनस्यारी, धारचूला में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित रहा। हिमालय की चोटियां बर्फबारी के बाद फिर से सफेद नजर आने लगीं। वहीं मुनस्यारी में बर्फबारी से पर्यटकों के साथ ही कारोबारियों के चेहरे खिल उठे। बर्फबारी होने से कई दुश्वारियां भी सामने आईं। बर्फ गिरने से थल-मुनस्यारी सड़क बंद हो गईं और कई पर्यटक और इनके वाहन फंसे रहे। पर्यटकों को पूरी रात बर्फबारी के बीच वाहनों में बैठकर गुजारनी पड़ी।
विज्ञापन

सीमांत जिले में शुक्रवार सुबह के समय मौसम साफ रहा। दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली ओर आसमान बादलों से घिर गया। शाम होते-होते जिला मुख्यालय में बारिश शुरू हो गई। मुनस्यारी में बारिश के बाद बर्फबारी हुई। देर शाम तक पर्यटन नगरी मुनस्यारी में तीन, खलिया में पांच, बलाती में छह, मिलम में सात इंच बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने की सूचना मिलते ही 700 से अधिक पर्यटक मुनस्यारी पहुंचे और बर्फबारी का आनंद लेकर झूम उठे। पर्यटकों ने बलाती, खलिया पहुंचकर बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। वहीं बर्फबारी होने से थल-मुनस्यारी सड़क रातापानी से मुनस्यारी के बीच बंद हो गई। बर्फ के बीच पर्यटकों के वाहनों के पहिए जाम हो गए। ऐसे में 19 किलोमीटर के दायरे में कई पर्यटक और वाहन फंसे रहे। सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम बर्फ हटाकर पर्यटकों को मुनस्यारी पहुंचाने में जुटी रही। बारिश और बर्फबारी के बाद जिले का तापमान में गिरने से कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। दूसरे ही दिन जिले का तापमान सात डिग्री गिर गया। बीते बृहस्पतिवार जिले का अधिकतम तापमान 17 तो न्यूनततम तापमान 12 डिग्री रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 14 तो न्यूनततम तापमान पांच डिग्री रहा। बारिश होने से सूख रही फसलों को भी नया जीवन मिला है इससे किसानों के चेहरे पर खुशी है।
दारमा और व्यास घाटी में जमकर हुआ हिमपात
धारचूला। धारचूला के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भी जमकर हिमपात हुआ। दारमा घाटी के सौन दुग्तू में देर रात 8 बजे तक दो इंच जबकि कालापानी में चार इंच बफबारी हुई। बर्फबारी के बाद घाटी का तापमान माइनस 15 डिग्री पहुंच गया। इसका असर निचले इलाकों में भी रहा। धारचूला सहित अन्य इलाकों में कड़ाके की ठंड के साथ ही शीत लहर का प्रकोप जारी है। संवाद
विज्ञापन

गंगोलीहाट, डीडीहाट, बेड़ीनाग में भी हुआ हिमपात
पिथौरागढ़। जिले के कनालीछीना, थल, झूलाघाट, बंगापानी, नाचनी, गणाई गंगोली, मुवानी सहित अन्य हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। गंगोलीहाट, डीडीहाट, बेड़ीनाग में बर्फबारी होने से स्थानीय लोगों के चेहरे खिल उठे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गंगोलीहाट में 12 साल जबकि बेड़ीनाग में 6 साल का रिकॉर्ड टूटा है। गंगोलीहाट के लोगों ने बताया कि यहां 12 साल बाद बर्फबारी देखने को मिली है। बेड़ीनाग में भी छह साल बाद बर्फबारी होने से लोगों में खुशी है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें