धारचूला (पिथौरागढ़)। पिछले चार-पांच दिनों से हो रही बारिश के बीच उच्च हिमालयी क्षेत्र दारमा और व्यास घाटी की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। बर्फबारी के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है जबकि निचली घाटियों में भी मौसम में ठंडक महसूस की जाने लगी है।
दारमा घाटी के दांतू के होम स्टे संचालक पानू दताल, कुटी के कुंवर सिंह कुटियाल और गुंजी की सरपंच लक्ष्मी गुंज्याल ने बताया कि ऊंची चोटियों पर बर्फ गिरने के बाद तापमान में गिरावट महसूस हो रही है। ठंड बढ़ने से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।
इधर जिले में लगातार बारिश के कारण नदियां और गाड़-गधेरे उफान पर हैं। काली नदी चेतावनी स्तर 889 मीटर पर बह रही है। पिछले 24 घंटे में कनालीछीना तहसील में सर्वाधिक 39 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पिथौरागढ़ में 38, देवलथल में 35, गणाई गंगोली में 34, थल में 30, गंगोलीहाट में 23 और धारचूला तहसील में 22.4 मिलीमीटर बारिश हुई।