पिथौरागढ़/मुनस्यारी। सीमांत जिले की ऊंची चोटियों पर फिर से बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में बादल छाए रहने से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए रहे। सुबह 10 बजे बाद कुछ देर के लिए सूर्य की किरणों के दर्शन हुए लेकिन बाद में बदरा भारी पड़ गए।
दिनभर आसमान बादलों से ढका रहा। उधर मुनस्यारी के हंसलिंग, राजरंभा, नाग्निधुरा, छिपलाकोट समेत पंचाचूली चोटियों पर एक फिर से बर्फबारी हुई है। निचले क्षेत्रों में बादल छाए रहे। जिले के बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, कनालीछीना, थल, डीडीहाट, अस्कोट, जौलजीबी, धारचूला में भी बादल छाने से एक बार फिर से ठंड बढ़ गई है। मुनस्यारी में ठंड से बचने के लिए लोगों ने आग का सहारा लिया। संवाद