छोटा कैलास की यात्रा पर जा रहा 34 सदस्यीय दल का बृहस्पतिवार को डीडीहाट पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। पर्यटक आवासगृह में यात्रियों ने स्वच्छता अभियान के तहत हिमालय बचाओ अभियान के शपथ पत्र भरे।
34 सदस्यों वाले तीसरे दल में 24 पुरुष और 10 महिलाएं हैं। इस दल में दिल्ली से 38 यात्री यात्रा पर निकले थे, लेकिन 4 पुरुष यात्रियों का स्वास्थ्य अल्मोड़ा से आगे खराब होने से उन्होंने यात्रा बीच में ही छोड़ दी है। डीडीहाट पर्यटक आवास में यात्रियों ने बताया कि छोटा कैलास की यात्रा करने से कैलास मानसरोवर यात्रा के जैसा ही पुण्य प्राप्त होता है। दल की सबसे युवा यात्री पूना निवासी पराधातर अमृता (33) यात्रा को लेकर काफी उत्सुक दिखीं।
दल के सबसे बुजुर्ग यात्री गुजरात के बृजलाल (64) ने कहा कि इस उम्र में भी वह यात्रा को लेकर युवाओं को मात दे सकते हैं। दल का डीडीहाट के टीआरसी मैनेजर आनंद आर्या ने स्वागत किया। इस मौके पर बलवंत रावल, दिलीप बिष्ट, संजय ओझा मौजूद थे।