फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहुरंगी ग्लाइडरों से भरा आसमान

Thu, 17 Mar 2016 11:53 PM IST
ब्यूरा/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
बहुरंगी ग्लाइडर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में आसमानी रोमांच बृहस्पतिवार को भी चरम पर रहा। अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के प्रतियोगियों में टास्क को पूरा करने की होड़ मची रही। बादलों के पास ग्लाइडरों के संतुलित प्रदर्शन देख लोग वाह कह उठे। सोर लवर्स के दो पायलटों शाहरुख खान और राजू पुनेड़ा ने बेहतर प्रदर्शन कर टास्क पूरे किए। भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त विंग कमांडर एचके राय पैराग्लाइडिंग का आनंद उठाने के लिए परिवार के साथ यहां पहुंचे हैं। इसके अलावा कई जिलों से भी लोग यहां पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार को शहर के नजदीक भाटकोट आदि पहाड़ियां टास्क में शामिल थीं तो शहर में ग्लाइडरों के करतब देखने को मिले। काफी ऊंचाई में ग्लाइडरों ने विभिन्न आकृतियां बनाई, गजब के संतुलन का परिचय दिया। दूर से ग्लाइडर ऐसे प्रतीत हो रहे थे कि जैसे नीले गगन में कई पतंग एक साथ छोड़ दी हों। धीरे-धीरे आसमान में ग्लाइडरों की संख्या बढ़ने लगी। आसमान बहुरंगी ग्लाइडरों से भर गया। शाम को 4 बजे तक ग्लाइडर खुले आसमान में तैरते रहे।

उत्तराखंड पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के सचिव शंकर सिंह, सदस्य राजू देवलाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को 26 किमी का टास्क तय किया गया था। 55 पायलटों ने उड़ान भरी। मौसम ठीक था तो कई पायलटों ने 3500 मीटर की ऊंचाई को छुआ। पायलट अजय कुमार, रौबिन गुरंग, रिटल मार्सियल, विजय सोनी के बीच कांटे की टक्कर थी। बृहस्पतिवार को रेस असुरचूला से प्रारंभ होकर सिरकुच, बास्ते, लेलू से पुन: असुरचूला, सौरले ख, कैलास आश्रम वड्डा से होते हुए हवाई पट्टी में लैंडिंग तक हुई। वहीं, शहर के पास भाटकोट, नैनीसैनी हवाई पट्टी, टेकऑफ स्थल कनारी पाभें की ओर सुबह से ही लोगों का जमावड़ा लग रहा है।
विज्ञापन


पाभेें क्षेत्र के लोग अतिथियों की सेवा में लगे हैं। लाटा केदार मंदिर समिति पाभें पैराग्लाइडिंग टेकऑफ स्थल आने वाले लोगों को नाश्ता, चाय के साथ ही भोजन करा रही है। मंदिर समिति के भंडारे का प्रसाद अधिकारी, वालियंटर, सुरक्षाकर्मी और पायलट तक ग्रहण कर रहे हैं। केएमवीएन की ओर से आ रहे भोजन पैकेट पर्याप्त न होने के कारण प्रतियोगिता के वालियंटर भी मंदिर कमेटी के प्रसाद पर निर्भर हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें