पूर्णागिरि (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को करीब छह हजार श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में पहुंचकर दर्शन किए और मनोकामनाएं मांगीं। बारिश के बाद मौसम में कुछ राहत मिलने से श्रद्धालुओं की आवाजाही तेज हो गई और दिनभर धाम क्षेत्र मां के जयकारों से गूंजता रहा।
शुक्रवार सुबह से ही मेला स्पेशल ट्रेन, बसों, निजी वाहनों और पैदल जत्थों के माध्यम से श्रद्धालु पड़ाव क्षेत्रों में पहुंचते रहे। इससे रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और टैक्सी स्टैंड पर दिनभर चहल-पहल बनी रही। ठूलीगाड़ पड़ाव क्षेत्र में भी भंडारों में प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी ने बताया कि बारिश के बाद गर्मी से राहत मिलने पर श्रद्धालुओं के जत्थे लगातार धाम की ओर बढ़ रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में 24 घंटे दर्शन की व्यवस्था की गई है। इधर, टनकपुर स्थित शारदा घाट में भी स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार पहुंच रही है।