पिथौरागढ़। लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास जल्द छह मंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके लिए ब्रिडकुल ने निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
पिथौरागढ़ नगर की सड़कों पर प्रतिदिन हजारों वाहन दौड़ते हैं लेकिन वाहनों को पार्क करने के लिए पार्किंग स्थल नहीं हैं। ऐसे में नगर की सड़कें ही पार्किंग स्थल बन रही हैं। हालात यह हैं कि सड़कों के किनारे वाहनों को पार्क करने से राहगीरों के चलने के लिए कहीं भी सुरक्षित स्थान नहीं है। राहगीरों को ट्रैफिक के बीच जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ती है। लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास छह मंजिला पार्किंग बनने से अस्पताल, गैस आफिस, बैंक सहित अन्य काम के लिए आने वाले लोगों को पार्किंग की सुविधा मिल सकेगी।
यहां पार्किंग निर्माण के लिए सरकार की ओर से 22 करोड़ तीन लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पार्किंग निर्माण के लिए प्रथम चरण में आठ करोड़ 81 लाख रुपये कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल को मिल गए हैं। यहां 242 वाहनों की क्षमता की पार्किंग बनाई जाएगी। इसके अलावा सड़क के पास 12 दुकानें बनाई जाएंगी।
घुपौड़ के पास भी बनेगी 69 वाहन क्षमता वाली पार्किंग
पिथौरागढ़। घुपौड़ के पास 69 वाहन क्षमता की पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए पांच करोड़ 56 लाख रुपये स्वीकृत हो गए हैं। इसका जीओ जारी होते ही इसके निर्माण के लिए निविदा प्रकिया शुरू हो जाएगी। यहां पार्किंग बनने से लोगों को राहत मिलेगी। संवाद
कोट
लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास छह मंजिला पार्किंग का निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। निविदा प्रक्रिया पूरी होती ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - सुरेश चंद्र भट्ट, जेई, ब्रिडकुल, पिथौरागढ़।