पिथौरागढ़ के सुभाष चौक में लॉकडाउन के चलते पसरा रहा सन्नाटा।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में कोरोना की रोकथाम के लिए किए गए लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। वाहनों का संचालन भी सीमित रहा। जरूरी सामान की दुकानें तीन घंटे के लिए खुलीं और सरकारी कार्यालय, बैंक और दवा की दुकानें दिन भर खुली रहीं।
प्रशासन ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जनवरी में शनिवार और रविवार को लॉकडाउन का निर्णय लिया है। शनिवार को पहले दिन नगर में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। सुबह सात बजे से ही एंचोली, केएमओयू स्टेशन, रोडवेज स्टेशन, टनकपुर स्टैंड, सिल्थाम तिराहे, नगरपालिका तिराहे, सिमलगैर बाजार, गांधी चौक पर लोगों की भीड़ कम रही। लोग सिर्फ जरूरी सामान लेने के लिए दुकानों का रुख करते नजर आए। सड़कों पर वाहनों की संख्या भी काफी कम रही। सुबह केएमओयू स्टेशन पर अन्य दिनों की तरह ताजी सब्जी खरीदने को लोगों
की भीड़ भी न के बराबर रही। सुबह दस बजे बाद सड़कें पूरी तरह सुनसान नजर आईं। कुछ ही लोग जरूरी काम के लिए आवाजाही करते नजर आए।
कोरोना संक्रमण रोकने के लिए पिथौरागढ़ में स्वास्थ्य विभाग और व्यापार संघ की सहमति के बाद साप्ताहिक लॉकडाउन का निर्णय लिया गया है। यदि संक्रमण लगातार बढ़ता रहा तो लॉकडाउन बढ़ाया जाएगा। लॉकडाउन में यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहेगी। - डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, डीएम पिथौरागढ़।