पांगला के थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार शुक्ला (58) की मौत हो गई। वह पांगला में अपने कमरे में शुक्रवार की सुबह अचेतावस्था में पड़े मिले। प्रथमदृष्ट्या मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पांगला के थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार शुक्ला पुत्र रामदत्त शुक्ला निवासी ग्राम पिंडाई, थाना सिकंदरा, जिला कानपुर देहात यूपी की तैनाती अभी एक माह पहले ही पांगला थाने में हुई थी। वह उससे पहले जौलजीबी में तैनात थे। शुक्रवार सुबह श्री शुक्ला ने चाय पी उसके बाद जब काफी देर तक वह अपने आफिस नहीं पहुंचे तो पुलिसकर्मी उनको देखने के लिए गए। वह कमरे में अचेतावस्था में पड़े थे। उनको तत्काल धारचूला अस्पताल लाया गया। जहां पर डा. एमएस जायसवाल ने उनको मृत घोषित कर दिया। धारचूला के थाना प्रभारी बलवंत कांबोज ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक रमेश सिंह बिष्ट को सौंपी गई है। जिला मुख्यालय में एसपी रोशन लाल शर्मा ने थानाध्यक्ष के निधन पर दुख जताया और घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है।