झूलाघाट-जौलजीबी सड़क मार्ग पर मजोड़ा सिमपानी के निकट आया बोल्डर। संवाद
पिथौरागढ़/ धारचूला। मूसलाधार बारिश के कारण मंगलवार को जिले की 39 सड़कों पर मलबा आने से यातायात ठप रहा। चीन सीमा को जोड़ने वाली धारचूला-तवाघाट सड़क पांचवें दिन भी बंद रही। जिले की लाइफ लाइन कही जाने वाली घाट-पिथौरागढ़ सड़क मंगलवार शाम करीब पांच बजे वाहनों के लिए खुल सकी। मैदानी क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों के बंद होने से समाचार पत्र तक पिथौरागढ़ जिले में नहीं पहुंच पा रहे हैं।
पिथौरागढ़-घाट सड़क पर दिल्ली बैंड और घाट बैंड के पास पहाड़ी दरकने से बार-बार यातायात बाधित हो रहा है। सोमवार को भी यह सड़क बंद रही। दोपहर में यातायात सुचारु हुआ था। इसके बाद शाम को फिर से बोल्डर गिरने से मार्ग बंद हो गया था जिसे मंगलवार शाम को खोला जा सका। इसके बाद मार्ग में फंसे वाहन पिथौरागढ़ पहुंचे। जिले से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले लोग दिन भर परेशान रहे। कुछ यात्री आपात स्थिति में थल-बेड़ीनाग सेराघाट होते हुए हल्द्वानी के लिए रवाना हुए।
डीएम विनोद गोस्वामी ने दिल्ली बैंड और आसपास के सभी स्लाइड जोन का ग्राउंड जीरो पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। थल-मुनस्यारी सड़क हरड़िया में बार-बार बाधित हो रही है। झूलाघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर मजिरकांडा बैंड में मलबा आ गया। इसके अलावा झूलाघाट-जौलजीबी सड़क मार्ग में जोड़ा सिमपानी के निकट बोल्डर आने से बंद है।
धारचूला-लिपुलेख सड़क के एलागाड़ में पांच दिन से बंद होने के कारण व्यास, दारमा और चौदास घाटियों का संपर्क शेष जिले से कटा हुआ है। व्यास घाटी के कुछ गांवों में तीन-चार दिन में होने वाले मुंडन संस्कार और पूजा में शामिल होने के लिए ग्रामीण नहीं जा पा रहे हैं। सड़क बंद होने के कारण ग्राम खेला, जुम्मा, रांथी सहित अन्य गांव के ग्रामीण छिपलाकेदार पूजा में नहीं जा पा रहे हैं। बीआरओ के अधिकारियों ने बताया कि एलागाड़ में लगातार बारिश और भूस्खलन होने से सड़क खोलने के कार्य में परेशानी हो रही है। एसडीएम जितेंद्र वर्मा ने सभी ग्रामीणों ने अनावश्यक आवाजाही नहीं करने की अपील की है।
मलबा गिरने से जेसीबी मशीन चालक घायल
गणाई गंगोली। सेराघाट-बेड़ीनाग मोटर मार्ग पर चौकी बैंड के पास पहाड़ी से मलबा गिर गया। इसके चलते यातायात ठप रहा। जेसीबी मशीन से मलबा हटाते समय पत्थर गिरने से मशीन का शीशा टूट गया। इससे चालक मनोज सिंह घायल हो गया। उसके हाथों में चोट आई है। तहसीलदार गणाई गंगोली देवांश प्रताप ने लोनिवि से दूसरी जेसीबी मशीन मंगाई। देर शाम तक तहसीलदार मौके पर मौजूद रहे। रात आठ बजे तक सड़क नहीं खुल पाई थी। दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहन फंसे रहे। गणाई-बनकोट सड़क भी पेड़ गिरने से बंद रही। संवाद