पाटी (चंपावत)। राजकीय इंटर कॉलेज चौड़ाकोट में शिक्षकों की भारी कमी के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। विद्यालय में हिंदी, संस्कृत, रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ता पद रिक्त पड़े हैं।
विद्यालय में कक्षा छह से 12वीं तक कुल 166 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। ये विद्यार्थी नवीन डूंगरा, थुवा मौनी और चौड़ाकोट सहित कई ग्राम पंचायतों से आते हैं। मानकों के अनुसार, एलटी संवर्ग में सात और प्रवक्ता संवर्ग में नौ पद स्वीकृत हैं हालांकि एलटी संवर्ग में एक और प्रवक्ता संवर्ग में आठ पद खाली हैं।
शिक्षा विभाग ने अतिथि शिक्षकों की तैनाती की है लेकिन फिर भी चार मुख्य विषयों के पद रिक्त हैं। इन विषयों को पढ़ाने का जिम्मा अन्य शिक्षकों पर है जिससे उन पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। साप्ताहिक रोटेशन के आधार पर पढ़ाई चल रही है जिसका असर विद्यार्थियों के पठन-पाठन पर पड़ रहा है।
वरिष्ठ शिक्षक संभाल रहे प्रधानाचार्य का कार्यभार
विद्यालय में शिक्षकों के साथ-साथ प्रधानाचार्य का पद भी खाली है। वर्ष 2017 के बाद से यहां कोई स्थायी प्रधानाचार्य नियुक्त नहीं हुआ है। विभाग ने एक वरिष्ठ शिक्षक को प्रधानाचार्य का कार्यभार सौंपा है। उन्हें अपने विषय की कक्षाएं लेने के साथ-साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ रही हैं। इससे शिक्षकों पर काम का अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है और छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
इंटर कॉलेज चौड़ाकोट में सभी विषयों के शिक्षक नहीं होने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। दूर-दराज से आने वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा मुहैया कराना शिक्षा विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। शिक्षा विभाग ने रिक्त पदों पर जल्द शिक्षकों की तैनाती करनी चाहिए।
-नंदन सिंह मौनी, पीटीए अध्यक्ष, राजकीय इंटर कॉलेज, चौड़ाकोट
-
जिले के बहुत विद्यालयों में शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे हैं। रिक्त पदों की सूचना निदेशालय को भेज दी गई है। रिक्त पदों पर शिक्षकों की तैनाती निदेशालय स्तर से की जाती है। विद्यालय में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शिक्षक रखने के प्रयास किए जाएंगे।
-मान सिंह, प्रभारी सीईओ, चंपावत