पिथौरागढ़ टैक्सी स्टेशन में नजर आई यात्रियों की चहल पहल। संवाद
पिथौरागढ़। होली समाप्ति के दूसरे दिन रोडवेज की उम्मीदों को झटका लगा। रोडवेज बसें यात्रियों के इंतजार में खड़ी रहीं जबकि टैक्सियों में भीड़ रही। रोडवेज स्टेशन से टैक्सी संचालक यात्रियों को पकड़-पकड़कर ले गए और रोडवेज कर्मी देखते रह गए। यात्रियों की कमी के कारण दिल्ली और टनकपुर के अलावा अन्य किसी भी रूट पर अतिरिक्त बस का संचालन नहीं हुआ। गुरुग्राम, हरिद्वार,देहरादून सहित अन्य रूटों पर जो बसें भेजी गईं उनमें भी अधिकांश सीटें खाली रहीं।
पिथौरागढ़ डिपो को होली के बाद प्रवासियों के मैदानी क्षेत्रों में लौटने से पर्याप्त यात्री मिलने की उम्मीद थी। डिपो ने विभिन्न रूटों पर रवाना करने के लिए बसों को रोडवेज स्टेशन भेजा। डिपो की उम्मीद परवान नहीं चढ़ सकी। रोडवेज स्टेशन पहुंचने से पहले की बाहर से टैक्सी संचालकों ने यात्रियों को पकड़ कर वाहनों में बैठा दिया। ऐसे में रोडवेज स्टेशन में सुनसानी छाई रही जबकि टैक्सी संचालकों ने चांदी काटी। हालांकि डिपो ने टनकपुर के लिए दो और दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त बस का संचालन किया। टैक्सी संचालकों के स्टेशन से यात्रियों को जबरन ले जाने से रोडवेज कर्मियों ने आक्रोश जताते हुए परिवहन विभाग से इस पर रोक लगाने की मांग भी की है। डिपो के मुताबिक, टैक्सी संचालकों के लिए स्टेशन निर्धारित है। ऐसे में रोडवेज स्टेशन से यात्रियों को ले जाना गलत है। हालांकि डिपो को अगले एक-दो दिन में यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
-कोट-
आज दो जगह के लिए तीन अतिरिक्त बसें गईं। यात्रियों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। स्टेशन के गेट के पास से यात्रियों को पकड़ कर ले जाने से भी समस्या पैदा हो रही है। इस पर रोक लगनी चाहिए। - दीपा वर्मा, स्टेशन प्रभारी, पिथौरागढ़
कोट
रोडवेज स्टेशन से यात्रियों को ले जाना गलत है। इस पर समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। कार्रवाई की भनक लगते ही ऐसे टैक्सी चालक तुरंत गायब हो जाते हैं। इस संबंध में टैक्सी यूनियन से पहले भी बात हुई है। जल्द फिर बैठक की जाएगी। - शिवांश कांडपाल, एआरटीओ, पिथौरागढ़