पिथौरागढ़ में चल रहे क्रिकेट मैच में मैन आफ द मैच का पुरस्कार देते मुख्य अतिथि
- फोटो : अमर उजाला
स्वर्गीय ओमकार गुप्ता मेमोरियल जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में सन्न क्रिकेट क्लब और सीमलसूनी ब्रदर्स ने जीत दर्ज की। जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) की ओर से देवसिंह मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को पहला मैच सन्न क्रिकेट क्लब और पंडा के बीच हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी मदन सिंह मेहरा ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया।
सन्न क्रिकेट क्लब ने 20 ओवर में 140 रन बनाए। भरत ने सर्वाधिक 26 रन बनाए। जवाब में पंडा की टीम 102 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार सन्न क्लब ने 38 रनों से मुकाबला जीत लिया। भरत ने दो विकेट लिए। ऑलराउंड प्रदर्शन करने पर भरत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंपायर जीवन मेहता, दीपक मेहता और स्कोरर कमल भैंसोड़ा थे।
दूसरा मैच नाचनी और सीमलसूनी ब्रदर्स के बीच हुआ। सीमलसूनी ने निर्धारित 15 ओवर में 151 रन बनाए। रजत ने 41 रनों का योगदान दिया। जवाब में नाचनी की टीम 12 ओवर में 80 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार सीमलसूनी ने 71 रनों से मैच जीत लिया। सीमलसूनी के रजत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंपायर नरेंद्र भंडारी और रोहित सामंत थे। स्कोरर किशोर नीरज सौन थे। आंखों देखा हाल ललित बोरा ने सुनाया।
पौण फाइनल में
पौण में जारी क्रिकेट प्रतियोगिता में पौण ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। यूथ क्लब पौण की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में पौण और रावलगांव के बीच सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। पौण ने निर्धारित 15 ओवर में 115 रन बनाए। जवाब में रावलगांव की टीम ने शानदार खेल दिखाया। रावलगांव ने 15 ओवर में 115 रन बनाकर मैच टाई कर लिया। निर्णय के लिए सुपर ओवर का सहारा लेना पड़ा। सुपर ओवर में रावलगांव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 रन बनाए। पौण ने 4 गेंदों पर 8 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। अंपायर शुभम वल्दिया, अमन वल्दिया और स्कोरर दीपक वल्दिया थे।