पिथौरागढ़। बुग्याल में बकरी चराने के दौरान बिजली की चपेट में आने से एक चरवाहे की मौत हो गई। मौसम खराब होने के कारण उसका शव मंगलवार शाम तक तहसील मुख्यालय धारचूला नहीं लाया जा सका। बिजली गिरने से एक पखवाड़े के भीतर यह दूसरी जनहानि है।
जानकारी के मुताबिक, धारचूला के सुवा निवासी राम सिंह पुत्र लाल सिंह बीते सोमवार को बुग्याल में बकरी चराने गया था। सोमवार देर शाम को मौसम बिगड़ा और बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर गांव के अन्य लोग मौके के लिए रवाना हुए और शव लाने की कवायद शुरू की गई। सीओ केएस रावत ने बताया कि मंगलवार देर शाम तक मृतक का शव तहसील मुख्यालय नहीं लाया जा सका था। शव के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। संवाद