जौलजीबी मेले में कार्यक्रम पेश करते नेपाली कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला
जौलजीबी मेले में मंगलवार की शाम नेपाली कलाकारों ने धमाल मचाया। नेपाली गायक अर्जुन कौशल, रीता केसी के गीतों पर लोग देर रात तक थिरकते रहे। हास्य कलाकर दीपक थापा ने भी लोगों को खूब गुदगुदाया। स्कूली बच्चों ने बेटी बचाओ पर बेहतरीन कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नेपाली गायकों के मेले में पहुंचने से कल रात नेपाल के लोग बड़ी संख्या में कार्यक्रम देखने पहुंचे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक हरीश धामी ने किया। मंच पर आते ही नेपाली गायक अर्जुन कौशल ने- वारी डांडा पारी हिमाल गाने से जबरदस्त शुरुआत की और यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। उनके गाए-पहाड़ी छोरा हूं मो, नेपाली केटा और झुमके फूला गीतों पर दर्शक खूब झूमे। दर्शक दीर्घा और मंच के सामने जाकर भी लोगों ने खूब नृत्य किया। नेपाली गायिका रीता केसी ने भी कई हिट गानों की प्रस्तुतियां दी। उन्होंने शानु मां शानु रेशम तेस्तो रइछ माया और पहाड़ की छोरी छूं मों गानों पर लोग थिरकने को मजबूर हो गए।
प्रसिद्ध नेपाली हास्य कलाकार दीपक थापा ने लोगों को लोटपोट कर दिया। उन्होंने एक आम नेपाली के सीधे सादे व्यक्तित्व को बखूबी प्रस्तुत किया और हास्य के साथ ही शौचालय, स्वच्छता का संदेश भी दिया। जिसे लोगों ने खूब पसंद किया। नेपाली गीतों पर वहां के कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। संचालन लक्ष्मण बिष्ट, करन थापा, डीएन भट्ट ने किया। कार्यक्रम में कैलाश रावत, ब्लाक प्रमुख नेत्र कुंवर, पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल आचार्य, तहसीलदार आईबी मल्ल, लीला बनंग्याल, शकुंतला दताल, व्यापार संघ अध्यक्ष धीरेंद्र धर्मशक्तू, दौलत पाल सहित कई लोग उपस्थित थे।