गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। शालीखेत पेयजल योजना के पंपिंग मशीन में खराबी आने से मंगलवार को नगर और कई ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति ठप रही। इसके चलते लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।
विभागीय जानकारी के अनुसार शालीखेत गधेरे से तीसरे टैंक चौड़ीक नामक स्थान तक पानी पंप हो रहा है। उससे आगे पानी नहीं चढ़ पा रहा है। विभाग मशीन ठीक करने के लिए जरूरी सामान तलाश कर रहा है लेकिन गंगोलीहाट और बेड़ीनाग बाजार में सामान उपलब्ध नहीं हो पाया। बुधवार को जिला मुख्यालय से सामान मंगाया जाएगा। इसके बाद ही पंपिंग मशीन की खराबी को ठीक किया जाएगा।
वहीं पानी नहीं आने से बाजार, लाली, खतेड़ा, हनेरा, रावल गांव, कुंजनपुर, हाट, पुनॉली, सहित दो दर्जन गांवों के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क किनारे लगे हैंडपंप, नौले और धारों में पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। पंपिंग मशीन में आई खराबी यदि एक-दो दिन में ठीक नहीं हुई तो हालात गंभीर हो सकते हैं।