लोहाघाट (चंपावत)। शुक्रवार शाम से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते चंपावत जिले में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। कई मोटर मार्गों पर भारी मलबा आने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों ने तत्काल मशीनें भेजकर मलबा हटाने का अभियान शुरू किया जिसके बाद अधिकतर मार्गों पर आवाजाही सुचारु हो सकी।
बारिश के कारण गल्लागांव-देवलीमाफी मोटर मार्ग बंद होने से सेरी, डुंगरा ओड़, सिमलटुकरा, ढटीगांव और बसौड़ी समेत कई क्षेत्रों का संपर्क कट गया। वहीं, लोहाघाट-सिमलखेत मोटर मार्ग पर बरदाखान के पास और लोहाघाट-बाराकोट मार्ग पर छड़खोला व बाराकोट में मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हो गए। लोनिवि की ओर से मशीनें लगाकर मलबा हटाने के बाद वाहनों की आवाजाही बहाल की।
गुमदेश क्षेत्र के चमदेवल-भैरंगी-पौड़ मार्ग पर भी एक घंटे तक यातायात ठप रहा। डीएम मनीष कुमार ने बताया कि रास्तों को खोलने का कार्य तेजी से जारी है। वर्तमान में बाराकोट-सिमलखेत स्टेट हाईवे को भी जल्द सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।