बिजली ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कारण घाट पंपिंग योजना से पानी लिफ्ट नहीं हो पाया है। इस कारण शनिवार को नगर के अधिकांश मोहल्लों में पेयजल की सप्लाई नहीं हो पाई। दो दिन से पानी न आने के कारण यहां परेशानी पैदा हो गई है। जल संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि पानी लिफ्ट न हो पाने के कारण यह संकट पैदा हुआ है। शुक्रवार को आधी रात के बाद घाट में नया ट्रांसफार्मर तो लगा दिया गया, लेकिन सरयू से पानी लिफ्ट करने में दिक्कत पेश आ गई। नदी का पानी गंदा होने के कारण और सिल्ट आ जाने से लिफ्टिंग का काम कुछ देर बंद करना पड़ा।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा ने स्वीकार किया कि संकट की स्थिति बढ़ी है। सबसे ज्यादा असर लोनिवि की टंकी से जुड़े इलाकों में हुई है। घंटाकरण, खड़कोट, सेरा, जीआईसी रोड, लुंठ्यूड़ा में गंभीर पेयजल संकट पैदा हो गया है। सार्वजनिक स्टैंड पोस्ट में पानी न आने से लोग भारी दिक्कत में हैं। घंटाकरण में लगे एकमात्र हैंडपंप में लोग रात के समय भी पानी भरने के लिए कतार में लगे रहते हैं। अव्यवस्था को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि अब जबकि बारिश शुरू हो चुकी है, लेकिन जल संस्थान लोगों की प्यास बुझा पाने में नाकाम साबित हो रहा है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता का कहना है कि यदि आज दिनभर सही तरीके से पानी लिफ्ट हो जाता है तो रविवार को सभी इलाकों में पानी की सप्लाई कर दी जाएगी।